33.2 C
Lucknow
Saturday, February 28, 2026

प्रधानमंत्री मोदी ने एचपीवी टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ, 16,686 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

Must read

अजमेर/ जयपुर| नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के अजमेर में कायड़ विश्रामस्थली पर आयोजित विशाल जनसभा में 9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम हेतु ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना और रोजगार से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा की गई।
प्रधानमंत्री सुबह किशनगढ़ हवाई अड्डे पर पहुंचे, जहां से कड़े सुरक्षा प्रबंधों के बीच वे सभा स्थल पहुंचे। हवाई अड्डे और कार्यक्रम स्थल के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहा तथा राजमार्ग पर यातायात परिवर्तित किया गया। प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही।
सभा स्थल पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। मंच पर केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भगीरथ चौधरी , कैबिनेट मंत्री किरोड़ी लाल मीणा , शिक्षा एवं पंचायतीराज मंत्री मदन दिलावर, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में लाखों परिवारों को गंभीर स्वास्थ्य संकट से बचाया जा सकेगा।
इस अवसर पर लगभग 16,686 करोड़ रुपये की 43 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इनमें शहरी विकास, पेयजल आपूर्ति, सड़क निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सिंचाई, ऊर्जा और औद्योगिक आधारभूत संरचना से संबंधित परियोजनाएं शामिल हैं। इन योजनाओं से प्रदेश में यातायात सुगमता, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि की उम्मीद जताई गई है।
कार्यक्रम के दौरान 21 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना सरकार की प्रतिबद्धता है और विकास कार्यों से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सफल बताया। इसके उपरांत प्रधानमंत्री निर्धारित अन्य कार्यक्रमों के लिए रवाना हो गए।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article