24 C
Lucknow
Friday, March 27, 2026

गलतफहमी या प्रेम प्रसंग : युवक की पिटाई, वीडियो वायरल

Must read

 

फर्रुखाबाद

थाना जहानगंज क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ईद के मौके पर सेवई लेकर रिश्तेदारी में पहुंचे युवक की ग्रामीणों ने जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे इलाके में चर्चा और तरह तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, कमालगंज क्षेत्र के भीखा नगला निवासी शाहिद पुत्र शमशाद जो मुंबई में रहकर काम करता है, ईद के अवसर पर सेवई लेकर अजीजलपुर गांव स्थित अपने फूफा लईक के घर पहुंचा था। बताया जा रहा है कि गांव में पहुंचने के बाद वह कथित तौर पर गलतफहमी में पास के ही किसी दूसरे घर में घुस गया। घर में अचानक युवक को देखकर वहां मौजूद लोग भड़क उठे और बिना कुछ समझे उसकी पिटाई शुरू कर दी।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद मामला और भी चर्चा में आ गया है।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि मामला सिर्फ गलतफहमी का नहीं है, बल्कि इसके पीछे प्रेम प्रसंग की भी आशंका जताई जा रही है। गांव में इसको लेकर अलग-अलग तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जिससे घटना रहस्यमय बनी हुई है। कुछ लोग इसे महज गलती से गलत घर में घुसने की घटना बता रहे हैं, जबकि कुछ इसे युवक के किसी कथित रिश्ते से जोड़कर देख रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाना जहानगंज में लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि यदि तहरीर मिलती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि बिना सच्चाई जाने किसी के साथ इस तरह की मारपीट करना कितना उचित है। वायरल वीडियो के चलते मामला तूल पकड़ता जा रहा है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article