रायबरेली के हरचंदपुर कोतवाली क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पेड़ गिरने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना किशनपुर मजरे जोहवा शर्की में रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय नेपाल कुशवाहा के रूप में की गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, नेपाल कुशवाहा अपने घर के बाहर टीन शेड के नीचे बंधे जानवरों को खोलने गए थे। इसी दौरान अचानक एक नीम का पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ गिरने की घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद परिवार के लोग और ग्रामीण उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरचंदपुर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पेड़ गिरने की आवाज और उसके गिरने के बीच केवल कुछ सेकंड का ही अंतर था, जिससे कोई भी समय रहते कुछ नहीं कर सका। इस हादसे में जानवरों की कोठरी भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरचंदपुर थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जानकारी उप जिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा को दे दी गई है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन द्वारा आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।


