25 C
Lucknow
Tuesday, March 31, 2026

बोर्ड परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक

Must read

78 परीक्षा केंद्रों पर नकलविहीन परीक्षा के निर्देश

फर्रुखाबाद: जनपद में दिनांक 18 फरवरी 2026 से प्रारंभ होने वाली हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक 6 फरवरी 2026 को सायं 6 बजे संपन्न हुई, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, नामित जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा जनपद के 78 परीक्षा केंद्रों पर तैनात स्टैटिक मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

बैठक की शुरुआत जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा की गई। उन्होंने सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया कि परीक्षा तिथि से पूर्व प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सभी आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। इनमें पर्याप्त फर्नीचर, वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे, हाईस्पीड इंटरनेट, पेयजल, शौचालय, विद्युत की स्थायी एवं वैकल्पिक व्यवस्था शामिल हैं। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर स्ट्रांग रूम की स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, जिसमें चार डबल लॉक युक्त अलमारियों की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाएगी।

बताया गया कि शासनादेश एवं बोर्ड परिषद के निर्देशों के अनुसार परीक्षा प्रश्नपत्रों को डबल लॉक अलमारी में सुरक्षित रखा जाएगा। रिजर्व प्रश्नपत्रों के लिए अलग अलमारी होगी, जिसकी पहली चाबी स्टैटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापक के पास तथा दूसरी चाबी संबंधित थानाध्यक्ष या उनके द्वारा नामित निरीक्षक की अभिरक्षा में रहेगी। स्ट्रांग रूम के लिए एक लॉग बुक तैयार की जाएगी, जिसमें स्ट्रांग रूम के खुलने और बंद होने का समय तथा संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। यह लॉग बुक केंद्र पर तैनात पुलिस बल की निगरानी में रखी जाएगी।

बैठक में शासन द्वारा जारी निर्देशों का अध्ययन कराते हुए सभी मजिस्ट्रेटों को परीक्षा को पूर्ण रूप से नकलविहीन संपादित कराने के लिए सतर्क रहने को कहा गया। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2024 के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए।

अपर पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित कराने तथा सभी अधिकारियों को निर्देशों का गंभीरता से अध्ययन कर परीक्षा को निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी ने स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को अपने निवास स्थान का पता एवं वैकल्पिक मोबाइल नंबर जिला विद्यालय निरीक्षक को उपलब्ध कराने और डबल लॉक प्रणाली का अक्षरशः पालन कराने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों को नवीन नकल विरोधी अधिनियम के प्रति पूरी तरह सचेत करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की घटना होने पर तत्काल संबंधित जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक या जनपदीय कंट्रोल रूम नंबर 05692-234153 तथा कंट्रोल रूम प्रभारी के मोबाइल नंबर 9450109285 पर सूचना दी जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सोशल मीडिया या सार्वजनिक मंच पर ब्रीफिंग, फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी नहीं की जाएगी तथा परीक्षा तिथि से पूर्व सभी व्यवस्थाएं स्वयं मौके पर जाकर पूरी तरह सुनिश्चित की जाएं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article