शाहजहांपुर। शहर की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर महापौर अर्चना वर्मा एक्शन मोड में नजर आईं। सोमवार को उन्होंने नगर निगम कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिससे अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान पार्षदों और निगम अधिकारियों की टीम भी उनके साथ मौजूद रही।निरीक्षण के दौरान महापौर ने सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और कर वसूली जैसे अहम कार्यों की गहन समीक्षा की। कई जगह लापरवाही मिलने पर उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और साफ निर्देश दिए कि शहर की व्यवस्था में किसी भी तरह की ढिलाई अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
महापौर ने नगर निगम कार्यालय में लंबित शिकायतों का भी ब्यौरा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का निस्तारण तय समय में हर हाल में किया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता को परेशान करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय है।
इस दौरान पार्षदों ने भी अपने-अपने वार्ड की समस्याएं जोर-शोर से उठाईं, जिस पर महापौर ने मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि शहर की सफाई, जलभराव और मूलभूत सुविधाओं को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही सीधे कार्रवाई की वजह बनेगी।निरीक्षण के बाद नगर निगम में कामकाज को लेकर सक्रियता बढ़ी नजर आई और अधिकारियों ने व्यवस्थाओं में जल्द सुधार का भरोसा दिया।


