लखनऊ| बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने 6 दिसंबर को डॉ. भीमराव आंबेडकर के परिनिर्वाण दिवस पर नोएडा में प्रस्तावित अपनी रैली को रद्द कर दिया है। बसपा सुप्रीमो ने कहा कि वह अब अपने आवास पर ही बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगी।
मायावती ने बयान जारी करते हुए बताया कि बड़े आयोजनों में उनकी सुरक्षा व्यवस्था के कारण कई बार कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि पर स्मारक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग आते हैं, लेकिन उनके कार्यक्रम में सुरक्षा के नाम पर की जाने वाली सरकारी व्यवस्थाएं आम लोगों के लिए कठिनाइयां बढ़ा देती हैं। इसी वजह से उन्होंने इस बार रैली न करने और बाबा साहब को अपने आवास पर ही श्रद्धांजलि देने का निर्णय लिया है।






