बदायूं
उसहैत थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। लखनऊ से इलाज कराकर लौट रहे दंपती की कार में अचानक आग लग गई, जिससे पत्नी की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति उसे बचाने के प्रयास में गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसहैत निवासी अर्पित भारद्वाज अपनी पत्नी प्रिया भारद्वाज को लखनऊ के एक निजी अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर देर रात घर वापस लौट रहे थे। रात करीब 1:30 बजे उनकी कार ग्राम रहौटा के पास पहुंची ही थी कि अचानक कार से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति को भांपते हुए अर्पित ने कार को सड़क किनारे रोका और किसी तरह खुद बाहर निकल आए।
बताया गया है कि उस समय प्रिया कार की पिछली सीट पर सो रही थीं। अर्पित ने उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वह कार के अंदर तक नहीं पहुंच सके। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और उनकी आंखों के सामने ही उनकी पत्नी जिंदा जल गई। इस दौरान अर्पित के हाथ और चेहरा बुरी तरह झुलस गए और वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है, जबकि घायल पति का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। करीब तीन साल पहले शादी करने वाले इस दंपती की एक साल की मासूम बच्ची भी है, जो घटना के समय घर पर थी। फिलहाल पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।


