35.4 C
Lucknow
Tuesday, April 7, 2026

गंगा में डूबने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद।
शमशाबाद थाना क्षेत्र में गंगा नदी में डूबने से एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर निवासी लगभग 70 वर्षीय मुलायम सिंह रविवार को रोजाना की तरह पशुओं को चराने के लिए कटरी क्षेत्र में गए थे। गांव से कुछ दूरी पर बह रही गंगा नदी के किनारे वह अक्सर पशु चराने जाते थे। रविवार को भी वह अन्य ग्रामीणों के साथ पशु चराने गए थे।
बताया गया कि शाम के समय जब वह पशुओं के साथ गंगा पार कर रहे थे, तभी पानी का तेज बहाव होने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी की तेज धारा में बह गए। साथ मौजूद ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिल सकी।
देर शाम तक जब बुजुर्ग घर नहीं पहुंचे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने खोजबीन शुरू की। रातभर तलाश जारी रही, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका। सोमवार सुबह करीब 7 बजे ग्रामीणों ने गंगा में एक शव तैरता देखा, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मुलायम सिंह के रूप में की।
घटना की जानकारी मिलते ही लेखपाल रोहित अवस्थी ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। वहीं, थानाध्यक्ष रमेश सिंह, चिलसरा चौकी प्रभारी अनुज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के परिवार में चार पुत्र—राजेश कुमार, रामबरन, नन्हेलाल और मुकेश कुमार—तथा पत्नी सुशीला देवी हैं। बुजुर्ग की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक पशुपालन के साथ-साथ खेती-बाड़ी में भी सक्रिय भूमिका निभाते थे।
थानाध्यक्ष रमेश सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला गंगा में डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article