गोरखपुर| जिले के खोराबार थाना क्षेत्र स्थित मिर्जापुर घाट पर शुक्रवार एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों की डूबने से मौत हो गई, जिनके शव एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों द्वारा चलाए गए लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद किए गए। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, कैंट थाना क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले पांच किशोर बुधवार दोपहर साइकिल से मिर्जापुर घाट पहुंचे थे। सभी दोस्त पीपा पुल के पास नदी में नहाने लगे, लेकिन अचानक गहरे पानी में चले जाने से चार किशोर डूबने लगे। उनके साथ मौजूद एक किशोर किसी तरह तैरकर बाहर निकल आया और उसने घटना की सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस, ग्रामीणों और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की चार टीमें मौके पर पहुंचीं और देर रात तक सर्च ऑपरेशन चलाती रहीं। घटनास्थल से किशोरों की साइकिल, कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए गए।
बृहस्पतिवार को सुबह फिर से सर्च अभियान शुरू किया गया, जिसमें पहले एक किशोर का शव बरामद हुआ। इसके बाद शुक्रवार सुबह तीन अन्य किशोरों के शव भी घटनास्थल से कुछ दूरी पर मिल गए। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है। जैसे ही शव घर पहुंचे, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। एक मां अपने बेटे का नाम पुकारते हुए बार-बार बेहोश हो रही थी, तो वहीं पिता का भी दुःख संभाले नहीं संभल रहा था। गांव के लोगों की आंखें भी इस दर्दनाक मंजर को देखकर नम हो गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मिर्जापुर घाट पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
राप्ती नदी में नहाने गए चार किशोरों की डूबकर मौत, सर्च ऑपरेशन के बाद मिले शव


