कानपुर| कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र स्थित गोवा गार्डन इलाके में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां सीवर टैंक की सफाई करने उतरे पिता और पुत्र की जहरीली गैस की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जावेद और उनका पुत्र आकिब मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बुधवार को दोनों को कल्याणपुर क्षेत्र में एक सीवर टैंक की सफाई का काम मिला था। रोजमर्रा की तरह वे बिना किसी विशेष सुरक्षा उपकरण के टैंक में उतर गए, लेकिन अंदर पहले से जमा जहरीली गैस उनके लिए जानलेवा साबित हुई। टैंक में उतरते ही गैस का प्रभाव इतना तेज था कि दोनों कुछ ही क्षणों में बेहोश हो गए और बाहर नहीं निकल सके।
जब काफी देर तक टैंक के भीतर से कोई हलचल नहीं हुई, तो आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी पुलिस बल, फायर ब्रिगेड की टीम, एम्बुलेंस सहित कई अधिकारी पहुंच गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान काफी मशक्कत के बाद दोनों को सीवर टैंक से बाहर निकाला गया। उनकी हालत गंभीर देख उन्हें तत्काल एम्बुलेंस के जरिए कानपुर के हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए कल्याणपुर के एसीपी आशुतोष यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की मौत सीवर टैंक में मौजूद जहरीली गैस के कारण हुई है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सीवर सफाई कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर दिया है। बिना मास्क, ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य सुरक्षा उपकरणों के मजदूरों को टैंक में उतारना न सिर्फ नियमों के खिलाफ है, बल्कि उनकी जान के साथ सीधा खिलवाड़ भी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
सीवर टैंक में उतरे पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत, जहरीली गैस बनी काल


