शाहजहांपुर। खेल के मैदान से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। क्रिकेट खेलते समय अचानक गिरे युवा क्रिकेटर सोनल चंद्रा का हृदयगति रुकने से आकस्मिक निधन हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसने खेल जगत और स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
बताया जा रहा है कि सोनल चंद्रा अपने साथियों के साथ सामान्य रूप से मैच खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक वह मैदान पर गिर पड़े। पहले तो साथी खिलाड़ियों को लगा कि शायद चक्कर आने से वह गिरे हैं, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो अफरा-तफरी मच गई।
मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है।
घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर शोक की लहर है। खेल प्रेमी और स्थानीय लोग इस घटना से गहरे सदमे में हैं। अचानक हुई इस मौत ने एक बार फिर खेल के दौरान स्वास्थ्य जांच और सावधानियों की जरूरत को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।


