फर्रुखाबाद। कमालगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज में भर्ती कराया गया था, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर किया गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार कमालगंज थाना क्षेत्र के श्रगीरामपुर गांव निवासी राजू श्रीवास्तव गुरुवार शाम अपनी स्कूटी से किसी आवश्यक कार्य से कमालगंज कस्बे गए थे। बताया जा रहा है कि काम निपटाने के बाद वह देर शाम वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान जब वह रजीपुर क्षेत्र में जायका होटल के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी सवार राजू श्रीवास्तव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। राहगीरों ने घटना की सूचना एंबुलेंस को दी और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कमालगंज पहुंचाया।
सीएचसी में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन राजू की हालत बेहद गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल फर्रुखाबाद रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटना के संबंध में जांच की जा रही है और तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, परिवार में छाया मातम


