स्टेशन परिसर में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

फर्रुखाबाद। फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 63 वर्षीय वृद्ध की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान मोहल्ला बजरिया निवासी ब्रह्मानंद राजपूत (63) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ब्रह्मानंद राजपूत आलू के व्यापारी थे और रोजाना की तरह सोमवार सुबह कमालगंज जाने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि वह कालिंदी ट्रेन से कमालगंज जा रहे थे। ट्रेन में चढ़ते समय अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और हाथ फिसल जाने से वह नीचे गिर पड़े। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना होते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने तत्काल रेलवे कर्मचारियों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पत्नी इंद्रा देवी ने बताया कि उन्हें स्टेशन से सूचना मिली कि ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया और गिरने से यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अपने पीछे पत्नी और एक बेटी गोल्डन को छोड़ गए हैं, जबकि उनका पुत्र काफी समय पहले लापता हो चुका है।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। फिर भी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here