किन्नौर| हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावानगर उपमंडल में शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को उपचार के लिए छोल्टू अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब सात बजे जानी संपर्क मार्ग पर यह हादसा हुआ। टापरी से जानी की ओर जा रही कार (संख्या एचपी 26 बी 8999) अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। वाहन में कुल पांच लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक को गंभीर अवस्था में अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में हिमेश कुमार (19) पुत्र नरेश कुमार निवासी जानी निचार, कृष्णा (42) पत्नी नरेश कुमार, सुषमा (47) पत्नी रोशन लाल निवासी ग्रांगे निचार तथा इंद्र लाल (30) पुत्र हरि लाल निवासी जानी की मृत्यु हो गई। वहीं विद्या कृष्ण (32) पुत्र हरि लाल निवासी जानी घायल हैं। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए टापरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक एवं उपमंडलीय पुलिस अधिकारी भावानगर राजकुमार ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी। दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।






