फर्रुखाबाद| नवाबगंज थाना क्षेत्र के सहसा जगदीशपुर गांव के पास गुरुवार सुबह करीब 8 बजे रेलवे ट्रैक पर एक 19 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना पुलिस और रेलवे विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशाबाद रेलवे स्टेशन के निकट सहसा जगदीशपुर गांव से गुजरने वाली डाउन लाइन पर पोल संख्या 157/19 और 157/18 के बीच टॉवर वैन चालक ने ट्रैक पर युवक का शव पड़ा देखा। उसने तत्काल इसकी सूचना कायमगंज स्टेशन को दी, जहां से सूचना शमशाबाद स्टेशन मास्टर नवतेश को प्रेषित की गई। स्टेशन मास्टर ने तत्काल रेलवे मेट सुरेंद्र को मौके पर भेजा।
रेलवे मेट सुरेंद्र पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे तो देखा कि युवक का सिर बुरी तरह फटा हुआ था और शरीर के अंग ट्रैक पर बिखरे पड़े थे। शव के पास एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ, जो बंद अवस्था में था। इसकी सूचना तत्काल शमशाबाद स्टेशन को दी गई, जिसके बाद नवाबगंज थाना पुलिस को मेमो भेजकर अवगत कराया गया।
सूचना मिलते ही नवाबगंज थाने के दरोगा जगराम सिंह मौके पर पहुंचे। शमशाबाद पुलिस और डायल 112 की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। डायल 112 के कर्मचारियों ने बरामद मोबाइल फोन को चार्ज कर चालू किया, जिसके आधार पर और मृतक के हाथ पर लिखे नाम से उसकी पहचान गिरजा शंकर (19 वर्ष) पुत्र भगवान दास निवासी नगला हीरासिंह के रूप में हुई।
बताया गया है कि गिरजा शंकर तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई कुलदीप और गौरी शंकर हैं। पुत्र की असामयिक मृत्यु से पिता भगवान दास और मां सुहागा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार गिरजा शंकर स्थानीय निरमा कंपनी के उत्पादों की फेरी लगाकर परिवार का सहयोग करता था।
घटना की जानकारी मिलते ही नवाबगंज नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल कुमार राजपूत भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। हल्का प्रभारी जगराम सिंह ने घटना की सूचना थाना प्रभारी राजीव कुमार को दी। थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतक के पिता से विस्तृत जानकारी ली।
थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के अनुसार युवक पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here