फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के ग्राम कुइयां बूंट में एक अधेड़ महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान श्रीमती मालती शाक्य (58 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय रमेश, निवासी ग्राम बढ़ेली, थाना मऊदरवाजा के रूप में हुई है। वह बीते लगभग तीन माह से ग्राम कुइयां बूंट निवासी सेवानिवृत्त दरोगा प्रमोद कुमार मिश्रा के मकान में किराए पर रह रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मालती के पति रमेश की करीब 13 वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी, जिसके बाद वह कुछ समय तक अपने जेठ विजयपाल के साथ रहने लगी थी। बताया गया है कि मकान का किराया व घरेलू खर्च न दे पाने के कारण विजयपाल ने उससे दूरी बना ली थी। इसके बाद पिछले करीब दो माह से मालती सुल्तानपुर निवासी अपने भतीजे कल्लू के साथ रह रही थी, हालांकि बीते कुछ दिनों से वह घर में अकेली रह रही थी।
सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे मालती का शव घर के अंदर संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। उसके मुंह में खून लगा हुआ था, वहीं पास में रखी एक बाल्टी में भी खून पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ला बीबीगंज निवासी पवन शाक्य की पत्नी रवीना मौके पर पहुंची, जो मृतका की पुत्री बताई जा रही है। रवीना ने पुलिस को बताया कि उसकी मां के पेट में फोड़ा था और दो दिन पूर्व उसका भतीजे कल्लू से विवाद हुआ था, जिसके बाद से कल्लू घर नहीं आया।
मृतका का एक विवाहित पुत्र मोहित है, जो अपनी पत्नी के साथ दिल्ली में रहता है। बीती रात मालती घर में अकेली थी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि मकान मालिक सेवानिवृत्त दरोगा प्रमोद कुमार मिश्रा द्वारा घटना की सूचना दी गई थी। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, महिला के पेट में मौजूद फोड़ा फूट जाने से उसे खून की उल्टी हुई हो सकती है, इसी कारण उल्टी करने के लिए पास में बाल्टी रखी गई थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
मेडिकल चौकी इंचार्ज रामकेश द्वारा शव का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर जारी है।





