फर्रुखाबाद। जहानगंज थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। कोल्ड स्टोरेज में कार्यरत 38 वर्षीय कर्मचारी सत्यपाल लोधी राजपूत की कंटेनर की जोरदार टक्कर से मौत हो गई। सत्यपाल ग्राम चुरसाई निवासी रामशरन का पुत्र था और लकूला स्थित जसोदा कोल्ड स्टोरेज में लोडिंग कर्मी के रूप में कार्य करता था।
घटना बीती रात लगभग 10 बजे की है, जब सत्यपाल अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहा था। जैसे ही वह जहानगंज मार्ग पर राजपूताना चौकी के पास, सांसद मुकेश राजपूत के पेट्रोल पंप के निकट पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि सत्यपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत फरार हो गया और अंधेरे का फायदा उठाकर फतेहगढ़ की ओर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सत्यपाल को आनन-फानन में लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव चुरसाई में मातम का माहौल छा गया।
शीतगृह मालिक महेन्द्र कटियार ने बताया कि सत्यपाल कई वर्षों से कोल्ड स्टोरेज में लोडिंग का काम कर रहा था। वह आमतौर पर अपने साथी कर्मचारी प्रदीप के साथ ही घर जाया करता था। परिवार को लेकर महेन्द्र कटियार ने बताया कि सत्यपाल पहले ही कई दुख झेल चुका था—उसकी पत्नी, मां और बड़े बेटे की पहले ही मौत हो चुकी थी। उसके परिवार में अब दो छोटे बेटे ही हैं, जिनका सहारा अब टूट गया है।
घटना की जानकारी पर जहानगंज थानाध्यक्ष राजेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसा सामने से आ रहे कंटेनर की टक्कर से हुआ है और चालक फरार हो गया है। कंटेनर के नंबर का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।






