कादरी गेट क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में युवक की मौत, भाई की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा

0
34

फर्रुखाबाद। थाना कादरी गेट क्षेत्र के अंतर्गत बढ़पुर में बीते दिनों हुए भीषण सड़क हादसे में युवक प्रवीण की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले में अब मृतक के भाई शैलेंद्र सिंह पुत्र हरि सिंह की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा 8 नवंबर को बढ़पुर स्थित अनोखेलाल मिष्ठान भंडार के सामने हुआ था, जहां दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसमें युवक प्रवीण सहित एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई थी और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी।
घटना की सूचना पर कादरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था। उस समय मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मृतक प्रवीण के भाई शैलेंद्र सिंह ने बताया कि भाई की असामयिक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया था। अंतिम संस्कार एवं अन्य पारिवारिक व्यस्तताओं में व्यस्त रहने के कारण वह तत्काल थाने में रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके। बाद में जब वे संभल सके, तब कादरी गेट थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित तहरीर दी।
पुलिस ने शैलेंद्र की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है, सीसीटीवी फुटेज एवं प्रत्यक्षदर्शियों के बयान जुटाए जा रहे हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसे की जिम्मेदारी किसकी थी।
इस दर्दनाक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी पारदर्शिता के साथ की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here