जिराऊ गांव में 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इनकार किया

0
29

फर्रुखाबाद| कायमगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित जिराऊ गांव में 40 वर्षीय विनय कुमार की अचानक और संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक विनय कुमार, अरविंद कुमार के पुत्र थे और पिछले कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थे। उनके भाई अंकित कुमार ने बताया कि विनय कुमार का इलाज एक निजी डॉक्टर से चल रहा था और उनकी पत्नी इस समय अपने मायके गई हुई थी।

बताया गया है कि विनय कुमार अपने कमरे में लेटे हुए थे। उनकी 13 वर्षीय पुत्री तनु और पुत्र देव व सिद्धि स्कूल गए थे। स्कूल से लौटने पर बच्चों ने अपने पिता को चारपाई पर बेहोशी की स्थिति में लेटा देखा। बच्चों ने उन्हें पुकारा, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उन्होंने तुरंत अन्य परिजनों को सूचित किया।

परिजन तत्काल विनय कुमार को निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले गए। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. विपिन सिंह ने उनकी जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉ. सिंह ने इस घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को मेमो के माध्यम से भेजी।

एसएसआई एस.के. सिंह ने बताया कि उन्हें युवक की मौत की सूचना मिली, लेकिन तब तक परिजन शव को अस्पताल से घर ले जा चुके थे। पुलिस टीम ने गांव में पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण और मामले की जांच-पड़ताल की। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का कब्जा परिजनों के हवाले किया और आगे की विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here