फर्रुखाबाद। मंगलवार सुबह अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी के बाद सुबह करीब 10 बजे हल्की ठंडी हवा के साथ आसमान में बादल छा गए और बूंदाबांदी शुरू हो गई। इससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली और मौसम खुशनुमा हो गया।
हालांकि जहां एक ओर आम लोगों ने इस सुहावने मौसम का आनंद लिया, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में इस समय धान की फसल खड़ी है और बालियां निकल चुकी हैं। किसानों का कहना है कि अगर बारिश तेज होती है तो बालियों के झड़ने की संभावना बढ़ जाती है। साथ ही हवा के साथ बारिश होने पर फसल के गिरने का खतरा भी बना हुआ है।
इसके अलावा, अगैती आलू की बुवाई की तैयारियों में लगे किसानों के लिए भी यह बारिश परेशानी का सबब बन सकती है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के कारण आलू की बुवाई में देरी हो सकती है और मिट्टी की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों तक आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। किसान मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी नुकसान से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील कर रहे हैं।


