लखनऊ| पिछले दो दिनों से चल रही पुरवाई ने मौसम में हल्का बदलाव ला दिया है। बृहस्पतिवार को कई जिलों में दिन की धूप में तपिश लगभग गायब रही और दोपहर बाद धुंध का असर लगातार बना रहा। रात में शीतलहर से राहत रही, लेकिन शुक्रवार तड़के पूर्वांचल और अवध के कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया दिखाई दिया। अमेठी में सुबह दृश्यता घटकर महज 300 मीटर तक रह गई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के मौसम में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं है। इस अवधि में दिन और रात के तापमान लगभग स्थिर बने रहेंगे। इसके बाद प्रदेश में दोबारा पछुआ हवाएं सक्रिय होंगी, जिससे ठंड और गलन में बढ़ोतरी के आसार हैं।
राजधानी लखनऊ में बृहस्पतिवार को पूरे दिन पूर्वा हवाएं चलीं। दोपहर में धूप खिली लेकिन शाम होते-होते हल्की धुंध की परत शहर पर छा गई। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिन सुबह और देर शाम हल्का कोहरा और धुंध बनी रहेगी, जबकि दिन में कहीं-कहीं छिटपुट बादल भी दिख सकते हैं।
लखनऊ का अधिकतम तापमान गुरुवार को 27.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी की वायु गुणवत्ता भी चिंताजनक रही। शहर का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 192 दर्ज हुआ। तालकटोरा, अलीगंज और गोमतीनगर में AQI क्रमशः 230, 222 और 201 दर्ज हुआ, जो ऑरेंज श्रेणी (खराब) में रहा। अन्य क्षेत्रों—बीबीएयू, लालबाग और कुकरैल—में वायु गुणवत्ता पीली श्रेणी में पाई गई।





