36.2 C
Lucknow
Sunday, March 15, 2026

मौसम ने बदला मिजाज, हल्की बूंदाबांदी से बढ़ी ठंडक; किसानों ने आलू की खुदाई रोकी

Must read

फर्रुखाबाद| रविवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ आसमान में घने बादल छा गए और सुबह करीब 5 बजे हल्की बूंदाबांदी होने से वातावरण में ठंडक घुल गई। मौसम के इस बदले हुए मिजाज का असर पूरे जिले में देखने को मिला। सुबह की हल्की बारिश के बाद दिन में लगभग 10 बजे एक बार फिर बूंदाबांदी हुई, जिससे लोगों को हल्की ठंड का अहसास हुआ और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
यह बूंदाबांदी केवल फर्रुखाबाद शहर तक ही सीमित नहीं रही, बल्कि जिले के राजेपुर, अमृतपुर, कायमगंज, कमालगंज और जहानगंज सहित आसपास के कई क्षेत्रों में भी हल्की फुहारें पड़ीं। अचानक बदले मौसम के कारण जहां एक ओर लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली, वहीं किसानों के कामकाज पर इसका असर देखने को मिला।
मौसम में नमी बढ़ने के कारण किसानों ने खेतों में चल रही आलू की खुदाई का कार्य अस्थायी रूप से रोक दिया। कई स्थानों पर किसान आलू की खुदाई कर रहे थे, लेकिन बूंदाबांदी शुरू होते ही उन्हें काम बंद करना पड़ा। इसके अलावा जिन खेतों में आलू की खुदाई पूरी हो चुकी थी और मक्का की फसल के लिए पलेवा (सिंचाई) की तैयारी की जा रही थी, वह कार्य भी रोक दिया गया। किसानों का कहना है कि जब तक मौसम पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, तब तक खेतों में काम शुरू करना मुश्किल रहेगा। मौसम खुलने के बाद ही किसान दोबारा खेतों में पहुंचकर खेती से जुड़े कार्य शुरू करेंगे।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का न्यूनतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम में आई इस हल्की ठंडक से लोगों को दिनभर राहत महसूस हुई। हालांकि किसानों की निगाहें अब अगले कुछ दिनों के मौसम पर टिकी हुई हैं, क्योंकि मौसम की हल्की सी भी खराबी फसलों के कामकाज को प्रभावित कर सकती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article