– दो दिन बारिश और ओलावृष्टि का यलो अलर्ट
– 15–16 मार्च को गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं की संभावना
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 15 मार्च से प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे कई स्थानों पर बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 और 16 मार्च को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से वातावरण में नमी बढ़ेगी, जिससे बादल बनने और बारिश होने की स्थिति बनेगी। इससे पिछले कुछ दिनों से महसूस की जा रही गर्मी से लोगों को राहत मिलने की संभावना है।
हालांकि तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सावधानियां बरतें।
यूपी में बदलेगा मौसम, गर्मी से राहत के आसार


