दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। फरवरी में पड़ रही तेज गर्मी के बीच पूरे इलाके में बादल छा गए और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने दिनभर मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जबकि गुरुग्राम और फरीदाबाद समेत एनसीआर के अन्य इलाकों में भी बूंदाबांदी देखने को मिली। तेज हवाओं के कारण कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। बीते दिनों चटख धूप के कारण तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया था, जिससे मार्च जैसी गर्मी का अहसास हो रहा था। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 और 19 फरवरी को अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 20 और 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 22 और 23 फरवरी को पारा 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हल्की बारिश के बावजूद तापमान में बड़ी गिरावट की संभावना नहीं है, लेकिन बादलों और हवाओं से लोगों को तेज धूप से राहत मिल सकती है। कुल मिलाकर इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर में मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा और उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।


