लखनऊ| प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जोरदार हमला बोलते हुए उन्हें माफियाओं का संरक्षक बताया। समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और माफिया एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते। दोनों का रिश्ता पुराना और गहरा है, जिसे प्रदेश की जनता भली-भांति जानती है। उन्होंने दो टूक कहा कि कोडिन कफ सिरप जैसे गंभीर और घातक अवैध कारोबार के पीछे जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा और उसके खिलाफ बेहद सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने कहा कि इस मामले में पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच चल रही है और जांच एजेंसियां पूरी स्वतंत्रता के साथ अपना काम कर रही हैं। दोषियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अखिलेश यादव या उनकी पार्टी किसी भी आरोपी को बचाने की स्थिति में नहीं है। अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं बची है।
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान अपराधियों और माफियाओं को खुली छूट दी जाती थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में माफिया या तो जेल में हैं, या प्रदेश छोड़कर भाग चुके हैं। यह बदलाव भाजपा सरकार की सख्त नीतियों और मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति का परिणाम है।
वहीं, SIR को लेकर अखिलेश यादव के ट्वीट पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि बिहार में हार के बाद से अखिलेश यादव का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव हर दिन SIR को लेकर नए-नए शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं और अनावश्यक मुद्दे खड़े करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि SIR एक बेहद महत्वपूर्ण और जरूरी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करना है। इसके लिए उन्होंने चुनाव आयोग का आभार भी व्यक्त किया।
मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूत है और पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ पर पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम कर रहे हैं। इसके विपरीत समाजवादी पार्टी के पास न तो मजबूत संगठन है और न ही जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के साथ केवल गुंडे, अपराधी और माफिया जुड़े हुए हैं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता लोकतंत्र और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। डिप्टी सीएम के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत एक बार फिर गर्मा गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here