बीएलओ, राजस्व एवं शिक्षा विभाग का अमला दिन-रात सक्रिय; जिलाधिकारी स्वयं कर रहे गांव-गांव निगरानी
फर्रूखाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) अभियान को सशक्त रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। यह महत्त्वपूर्ण कार्य 4 नवंबर 2025 से आरंभ होकर 4 दिसंबर 2025 तक निर्धारित है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आशुतोष कुमार त्रिवेदी द्वारा 22 और 23 नवंबर 2025 को विशेष अभियान दिवस घोषित किया गया था, जिसके तहत जिलेभर में व्यापक स्तर पर गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य हुआ।
लेकिन प्रशासन केवल दो दिनों तक ही सीमित नहीं रहा। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 22–23 नवंबर के अतिरिक्त अन्य दिनों में भी इस कार्य को प्रमुखता और प्राथमिकता के साथ लगातार निपटाया जा रहा है। बीएलओ, राजस्व कर्मियों, ग्राम स्तर के कर्मचारी, शिक्षक एवं विभागीय टीमें रोजाना फील्ड में सक्रिय हैं और लक्ष्य को समय से पूर्व पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सभी एसडीएम और तहसीलदार भी अभियान की प्रगति पर सतत निगरानी रख रहे हैं। अधिकारियों द्वारा देर शाम तक गांवों में आकस्मिक निरीक्षण किए जा रहे हैं ताकि कहीं भी लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
जिलाधिकारी श्री द्विवेदी स्वयं गांव-गांव जाकर चल रहे कार्य का मिनट-टू-मिनट सत्यापन कर रहे हैं। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि एक भी पात्र मतदाता सूची से न छूटे और मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और सुगठित बने।
अभियान की सफलता के लिए जनपद के सभी ग्राम प्रधानों, वार्ड सदस्यों, सभासदों, राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों तथा सभी मतदाताओं से सहयोग की अपील की गई है। प्रशासन का प्रयास है कि यह मिशन जिले में लोकतांत्रिक भागीदारी को और सशक्त बनाए।





