लखनऊ। राजधानी के कृष्णा नगर इलाके में स्थित बारा बिरवा सब्जी मंडी में गुरुवार देर रात करीब 10 बजे भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते 100 से अधिक दुकानें धू-धूकर जल उठीं। आग की लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 3 किलोमीटर दूर से साफ दिखाई दे रहा था, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और कृष्णा नगर, आलमबाग तथा पीजीआई फायर स्टेशन से कुल 9 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों और दुकानदारों का आरोप है कि सूचना देने के करीब एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर पहुंची, जिससे आग ने और विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मी देर रात तक आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के कुछ ही देर बाद 10 से 12 जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। आशंका जताई जा रही है कि ये धमाके गैस सिलेंडरों के फटने के कारण हुए। धमाकों के बाद आग ने और तेजी से फैलते हुए पूरे बाजार को अपनी चपेट में ले लिया।
करीब 50,000 वर्ग फीट में फैली इस सब्जी मंडी में सैकड़ों दुकानों पर फल, सब्जी, अनाज और अन्य सामान रखा जाता है। मंडी में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की बोरियां, गत्ते और अन्य ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में भीषण रूप धारण कर लिया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार इस अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हो गया। कृष्णा नगर एसीपी के नेतृत्व में आशियाना थाना समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर खाली कराया गया। एहतियात के तौर पर आसपास के लोगों और दुकानदारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मंडी के ठीक सामने स्थित फिनिक्स मॉल के आसपास भी आग का असर देखा गया, जहां धुएं के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है तथा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।


