31 C
Lucknow
Tuesday, March 31, 2026

विद्युत निगम के गोदाम में भीषण आग, 20 हजार मीटर जलकर खाक

Must read

 

बरेली के रामपुर गार्डेन क्षेत्र में मंगलवार दोपहर विद्युत निगम के पुराने गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखे करीब 20 हजार खराब बिजली मीटर और कुछ ट्रांसफार्मर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट हो सकता है, हालांकि वास्तविक वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे अधिशासी अभियंता (वाणिज्यक अनुभाग द्वितीय) के कार्यालय परिसर में स्थित पुराने गोदाम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम के दरवाजों से लपटें बाहर निकलने लगीं। मौके पर मौजूद कर्मचारी और उपभोक्ता आग बुझाने का प्रयास करने लगे, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को दी गई, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। शुरू में अंदर से आग बुझाने की कोशिश की गई, लेकिन आग पर काबू न मिलने पर गोदाम की टिन की छत और दरवाजों को तोड़कर पानी की तेज बौछार की गई। कड़ी मशक्कत के बाद करीब पौने दो घंटे में आग पर काबू पाया जा सका।

इस आगजनी में गोदाम में रखे हजारों खराब स्मार्ट मीटर पूरी तरह जलकर राख हो गए। अधिकारियों के अनुसार, यह मीटर पहले से खराब और निष्क्रिय थे, जिन्हें स्टोर में रखा गया था। नुकसान का आकलन किया जा रहा है, हालांकि यह काफी बड़ा माना जा रहा है।

विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारण से। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article