ईरान की राजधानी तेहरान के पास स्थित पारंद इलाके में बुधवार को भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। सरकारी मीडिया के अनुसार आग के कारण इलाके में आसमान तक काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में पारंद क्षेत्र से घना काला धुआं उठता दिखाई दे रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि आग लगने के दौरान विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनाई दीं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। आग जिस स्थान पर लगी है, वह तेहरान प्रांत के उन इलाकों के नजदीक बताया जा रहा है जहां कई सैन्य और रणनीतिक प्रतिष्ठान मौजूद हैं।
ईरान के सरकारी प्रसारक IRIB की रिपोर्ट के मुताबिक पारंद शहर में एक इमारत के ऊपर से धुआं उठता देखा गया। शुरुआती फुटेज में आसमान में फैलता काला धुआं साफ नजर आया। हालांकि अभी तक किसी भी तरह के हताहत या बड़े पैमाने पर नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सरकारी मीडिया ने पारंद अग्निशमन विभाग के हवाले से बताया कि शहर के पास दिखाई दे रहा धुआं पारंद नदी के किनारे उगी सरकंडों (रीड्स) में लगी आग की वजह से है। अधिकारियों का कहना है कि यह आग वनस्पति क्षेत्र में लगी और तेजी से फैलती दिखी, जिससे धुएं का बड़ा गुबार उठ गया।
दमकल विभाग के अनुसार फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और आग पर काबू पाने के प्रयास जारी हैं। स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और एहतियातन आसपास के क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि हाल के हफ्तों में तेहरान और उसके आसपास के इलाकों में आग और विस्फोट जैसी कई घटनाएं सामने आई हैं। इनमें से कुछ मामलों में ईरानी अधिकारियों ने सीमित जानकारी साझा की है, जिससे अटकलों का दौर भी तेज हुआ है।
फिलहाल पारंद की इस ताजा घटना को लेकर जांच जारी है। अधिकारी आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं, जबकि आम नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की गई है।


