शाहजहांपुर। रौजा थाना क्षेत्र स्थित फल और सब्जी मंडी में मंगलवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते 9 फल और 9 सब्जी की कुल 18 दुकानें जलकर राख हो गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार सुबह करीब तीन बजे की है। मंडी में अचानक उठी चिंगारी ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के लोगों ने धुआं और लपटें देख तत्काल पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक सभी 18 दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। आग की चपेट में आकर दुकानों में रखा फल, सब्जी और अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था। फिलहाल प्रशासन आग लगने के सटीक कारणों की जांच में जुटा है।


