कासगंज: जनपद के विभिन्न विकासखंडों और निकाय क्षेत्रों में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 97 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंध गए। सात फेरों और वैवाहिक मंत्रोच्चार के बीच नवदंपत्तियों ने जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति ने समारोह को गरिमा प्रदान की। नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की गई।
सदर विकासखंड कासगंज में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 35 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ, जबकि अमांपुर विकासखंड में 62 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए इन 97 जोड़ों में विकासखंड कासगंज के 14, सोरोंजी के 15, अमांपुर के 9, सहावर के 8, पटियाली के 2, गंजडुंडवारा के 11, सिढ़पुरा के 11, नगर निकाय कासगंज के 4 तथा बिलराम क्षेत्र के 2 जोड़े शामिल रहे। समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और वैवाहिक परंपराओं का विधिवत पालन किया गया।
सदर विकासखंड में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा, राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड, वरिष्ठ भाजपा नेता गौरी शंकर शर्मा, चेयरमैन मीना माहेश्वरी, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह तथा एसडीएम सुशांत सांवरे सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए वरदान साबित हो रही है।
वहीं अमांपुर विकासखंड में आयोजित समारोह में अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा ने नवविवाहित जोड़ों को उपहार वितरित किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर परियोजना निदेशक विकल कुमार, खंड विकास अधिकारी श्रेति गर्ग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे तथा पुलिस बल तैनात रहा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
सामूहिक विवाह समारोह ने न केवल सामाजिक समरसता का संदेश दिया, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए एक नई शुरुआत का अवसर भी उपलब्ध कराया। स्थानीय लोगों ने भी बड़ी संख्या में उपस्थित होकर नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं और इस सामाजिक पहल की सराहना की।


