29 C
Lucknow
Saturday, April 11, 2026

नकाबपोश कार सवार बदमाश बकरी लेकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात

Must read

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला ग्राम पसियापुर का है, जहां नकाबपोश कार सवार अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर के बाहर बंधी बकरी चोरी कर ली और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम पसियापुर निवासी विनोद कुमार पुत्र आसाराम ने रोज की तरह अपने घर के दरवाजे के पास बकरियां बांध रखी थीं। बीते दिवस रात करीब 1 बजे के आसपास अज्ञात चोर कार से गांव में पहुंचे। बताया जा रहा है कि उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने बड़ी ही चालाकी से बकरी को खोल लिया और उसे कार में डालकर फरार हो गए।
इसी दौरान कुछ आहट होने पर परिजन जाग गए और शोर मचाया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए, लेकिन तब तक चोर वहां से भाग चुके थे। जब मौके का निरीक्षण किया गया तो एक बकरी गायब मिली, जिससे साफ हो गया कि चोर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुके हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद ग्रामीणों ने गांव से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक संदिग्ध कार दिखाई दी। कार में कुछ नकाबपोश लोग नजर आ रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को आशंका है कि इन्हीं लोगों ने घटना को अंजाम दिया है।
पीड़ित के अनुसार चोरी हुई बकरी की कीमत करीब 15 हजार रुपये थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी। कस्बा पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article