शाहजहांपुर। शहीद प्रतिमाओं को नगर निगम प्रशासन द्वारा खंडित किए जाने के मामले में कांग्रेस का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। विभिन्न तरीकों से प्रदर्शन कर रही कांग्रेस ने सोमवार को जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता के नेतृत्व में अनोखे अंदाज में सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। दोपहर बाद कांग्रेस पदाधिकारी राजीव भवन, टाउन हॉल पर एकत्रित हुए। इसके बाद जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता हाथ में हंटर लेकर कार्यकर्ताओं के साथ पैदल मार्च करते हुए नारेबाजी करते हुए नगर निगम गेट तक पहुंचे। इस दौरान ‘निगम प्रशासन मुर्दाबाद’, ‘मेयर इस्तीफा दो’ और ‘शहीदों के सम्मान में कांग्रेस मैदान में’ जैसे गगनभेदी नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चकमा देते हुए कांग्रेस कार्यालय के पिछले गेट से पुतला लाकर नगर निगम परिसर के रास्ते गेट तक पहुंचा दिया। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने पुतला छीनने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ताओं के तेवर के आगे प्रयास विफल रहा और उन्होंने पुतले को आग के हवाले कर दिया।
धू-धू कर जलते पुतले के बीच जिलाध्यक्ष रजनीश गुप्ता ने हंटर से प्रहार करते हुए कहा कि यदि शहीद न होते तो आज भी देश अंग्रेजों की गुलामी में होता। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक दोषियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं होगी, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मंगलवार को एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी से मिलकर मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने की मांग करेगा, ताकि पूरे प्रकरण को उनके समक्ष रखा जा सके। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र दीक्षित, महानगर अध्यक्ष पवन सिंह, तसनीम अली खान, तनवीर सफदर, कृष्ण विनोद मिश्रा, बीएन सिंह यादव, संजय सक्सेना, सुशील प्रकाश शर्मा, रफी उल हसन, सईद अंसारी, फुरकान अहमद कुरैशी, गौरव त्रिपाठी, फरमान खान, मोहसिन खान, परवेज अहमद, प्रत्यूष मिश्रा, शाश्वत मिश्रा, पूनम पांडेय, बिंदेश्वरी राज, साजिद खान, वकार आलम, प्रो. जाने आलम खान, अनुभव कटारिया, ओमपाल जाटव समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


