कानपुर: चौबेपुर थाना क्षेत्र के अमिलिहा गांव निवासी एक विवाहिता (Married woman) ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज (files report) कराई है। पीड़िता का आरोप है कि पुत्र की चाहत में उससे कई बार जबरन गर्भपात कराया गया और पुत्र का जन्म न होने पर पति सहित ससुराल के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अमिलिहा गांव निवासी वंदना सिंह ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसका विवाह 14 फरवरी 2016 को साढ़ थाना क्षेत्र के मौसिमपुर गांव निवासी भूपेंद्र उर्फ कल्लू सिंह के साथ हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से पुत्र की मांग को लेकर दबाव बनाया जाने लगा। वंदना का आरोप है कि वह कई बार गर्भवती हुई, लेकिन अल्ट्रासाउंड में बेटी होने की जानकारी मिलने पर ससुराल वालों ने उसका गर्भपात करा दिया।
पीड़िता के अनुसार, इन घटनाओं के बीच उसने दो बेटियों को जन्म दिया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला। बेटे का जन्म न होने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न का सिलसिला लंबे समय तक चलता रहा। वंदना ने बताया कि 28 अगस्त 2025 को ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि अब भी ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग की जा रही है। ससुराली बाइक और दो लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकी भी दी जा रही है।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति भूपेंद्र सिंह, सास पुष्पा, जेठ शैलेंद्र सिंह, जेठानी सुनैना, देवर नागेंद्र और ननद मंजू के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि महिला द्वारा लगाए गए आरोप गंभीर हैं। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।


