हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र के छितरामऊ गांव में शुक्रवार दोपहर एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। विवाहिता मोनी का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर कब्जे में ले लिया।
बताया जा रहा है कि मोनी की शादी करीब छह वर्ष पहले गांव के ही निवासी मोनू सिंह से हुई थी। दंपति के तीन छोटे बच्चे भी हैं। घटना के बाद बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी इस घटना को लेकर चर्चा का माहौल बना हुआ है।
मृतका के पिता सुरेश, जो सवायजपुर थाना क्षेत्र के दुलारपुर गांव के निवासी हैं, ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि बुधवार शाम मोनी का अपने पति से विवाद हुआ था, जिसके बाद से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी। पिता ने आशंका जताई कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।
सुरेश ने दामाद मोनू सिंह, उसकी मां, चाचा और बुआ पर बेटी की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि पिछले करीब दो वर्षों से उनकी बेटी पर पांच बीघा खेत खरीदने के लिए पैसों की मांग का दबाव बनाया जा रहा था और इसको लेकर उसके साथ मारपीट भी की जाती थी।
परिजनों के अनुसार, जब उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो आरोपियों ने मिलकर मोनी की हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया। इस घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में आक्रोश है और वे आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
सांडी थानाध्यक्ष बसंत राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।


