19.8 C
Lucknow
Monday, February 23, 2026

विवाहिता की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज, ससुरालीजन घर छोड़कर फरार

Must read

मैनपुरी: कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांव बैजनाथपुर में रविवार शाम एक 26 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष के पहुंचने से पहले ही ससुरालीजन शव घर में छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया। मृतका के भाई की तहरीर पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

मृतका सपना (26) मूल रूप से जनपद कन्नौज के थाना छिबरामऊ क्षेत्र के गांव लोधापुर की निवासी थी। उसके भाई आदेश सिंह ने बताया कि बहन की शादी जुलाई 2024 में बैजनाथपुर निवासी शिव कुमार उर्फ बीटू के साथ हुई थी। आरोप है कि विवाह के कुछ ही दिनों बाद ससुराल पक्ष द्वारा दो लाख रुपये नकद और दो तोला सोने की चेन की मांग की जाने लगी। मांग पूरी न होने पर सपना को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

परिजनों के अनुसार उन्होंने कई बार ससुराल पक्ष को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पति शिव कुमार, सास गुड्डी देवी और देवर विकास अपनी मांग पर अड़े रहे। रविवार शाम मायके पक्ष को बैजनाथपुर के एक व्यक्ति से फोन पर सपना की मौत की सूचना मिली। जब परिजन गांव पहुंचे तो सपना का शव घर के फर्श पर पड़ा था। परिजनों का आरोप है कि उसके गले और शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई।

घटना के समय घर में कोई भी ससुरालीजन मौजूद नहीं मिला। आरोप है कि सभी लोग घर छोड़कर फरार हो गए। इससे मायके पक्ष का शक और पुख्ता हो गया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर सपना की हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मौत का सही कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर पति, सास और देवर के विरुद्ध दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।

इस घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दहेज प्रथा जैसी कुप्रथा के कारण एक और बेटी की जिंदगी चली गई। वहीं पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article