पाली। दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित कर मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पति, सास और ससुर के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई, जिसके बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
गांव मुड़रामऊ निवासी प्रेमलता ने बताया कि उसकी शादी 13 जून 2019 को फर्रुखाबाद जिले के अमृतपुर निवासी प्रियांशू के साथ हुई थी। विवाह में उसके मायके पक्ष ने करीब पांच लाख रुपये का दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन इससे संतुष्ट नहीं थे। आरोप है कि शादी के बाद पति प्रियांशू, सास सुनीता और ससुर अनूप बाइक और प्लॉट खरीदने के लिए पांच लाख रुपये की अतिरिक्त मांग करने लगे। पिता द्वारा असमर्थता जताने पर उसे लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा।
प्रेमलता का आरोप है कि 10 जून 2025 को तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए घर से निकाल दिया। छह अक्तूबर 2025 को पंचायत भी हुई, लेकिन ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज के बिना साथ रखने को तैयार नहीं हुआ। पीड़िता का कहना है कि पाली थाने और महिला थाना हरदोई में शिकायत देने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई, जिससे परेशान होकर वह एसपी कार्यालय पहुंची।
एसओ सोमपाल गंगवार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


