जमीन बंटवारे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से जमकर चली मारपीट

0
65

– दोनों पक्षों से आधा दर्जन लोग घायल, अस्पताल में भर्ती

आगरा। जिले के बासौनी थाना क्षेत्र के मितायली गांव में मंगलवार देर शाम जमीन के बंटवारे को लेकर दो भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे और लोहे की रॉडें चलीं, जिससे दोनों पक्षों के करीब 5 से 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मितायली निवासी दो सगे भाइयों के बीच कई दिनों से खेती की जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को एक पक्ष ने खेत की मेड़ पर निर्माण शुरू किया तो दूसरे पक्ष ने विरोध कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चल गए।
घटना की सूचना पर बासौनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस ने मौके से कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश भी चली आ रही थी, जिससे विवाद और बढ़ गया। संघर्ष के दौरान कुछ लोगों के सिर व हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों में राजेंद्र, महेश, गोविंद, नरेश, सुभाष और मुकेश नाम के लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्राधिकारी ने भी मौके का निरीक्षण किया और कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अधिकारी हालात पर नजर रखे हुए हैं ताकि कोई अप्रिय घटना न हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here