समय रहते मदद मिलने से टला बड़ा हादसा
फर्रुखाबाद: जनपद में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे (Manja) का खतरा लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। प्रशासनिक सख्ती के दावों के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री और उपयोग थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला थाना क्षेत्र के पल्ला इलाके का है, जहां लिंजीगंज से दुकान बंद कर घर लौट रहे एक युवक चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार अनुराग अवस्थी, निवासी नुनहाई, प्रतिदिन की तरह लिंजीगंज स्थित अपनी दुकान से काम समाप्त कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वह पल्ला क्षेत्र के पास पहुंचे, तभी हवा में लटका चाइनीज मांझा अचानक उनकी गर्दन में आकर फंस गया। तेज धार वाले मांझे के गर्दन में कसते ही अनुराग अवस्थी दर्द से तड़प उठे और मौके पर ही गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए युवक की मदद की और अत्यंत सावधानीपूर्वक मांझे को उनकी गर्दन से हटाया। इस हादसे में अनुराग अवस्थी की गर्दन पर गहरे कट और खरोंच के निशान आ गए।
इसके बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार समय रहते मदद मिल जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा मांझा नसों को काट सकता था और स्थिति जानलेवा हो सकती थी।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में काफी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि चाइनीज मांझे पर पूर्ण प्रतिबंध होने के बावजूद इसकी खुलेआम बिक्री और उपयोग किया जा रहा है। इससे राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, बच्चों और पक्षियों की जान पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि चाइनीज मांझा बेचने और उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और नियमित अभियान चलाकर इस जानलेवा मांझे पर पूरी तरह रोक लगाई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


