मणिपुर में मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने चार उग्रवादियों को किया ढेर, भागे आतंकियों की तलाश

0
44

नई दिल्ली। मणिपुर के चुराचांदपुर जिले में मंगलवार सुबह सुरक्षाबलों और उग्रवादियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में सुरक्षाबलों ने प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड कूकी नेशनल आर्मी (UKNA) के चार उग्रवादियों को ढेर कर दिया। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के बाद कई उग्रवादी जंगलों की ओर भाग निकले, जिनकी तलाश में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी है।

मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को सुबह लगभग 5:30 बजे खानपी गांव के पास उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसके बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। तभी उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में सेना ने मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में चार उग्रवादी मारे गए।

वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, फायरिंग के दौरान कुछ उग्रवादी घायल भी हुए और मौका पाकर भागने में सफल रहे। सुरक्षाबल अब पूरे इलाके में तलाशी अभियान चला रहे हैं ताकि बाकी बचे उग्रवादियों को भी पकड़ा जा सके।

गौरतलब है कि मणिपुर में शांति बहाल करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने कई कूकी और जोमी उग्रवादी संगठनों के साथ समझौते किए हैं, मगर UKNA ने इस समझौते पर हस्ताक्षर नहीं किए थे।

सेना ने इस एनकाउंटर के बाद आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि अभियान अभी जारी है और जल्द ही सभी फरार उग्रवादियों को ढूंढ लिया जाएगा। इलाके में फिलहाल कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here