अयोध्या| रामनगरी के पूराकलंदर थाना क्षेत्र स्थित भदरसा कस्बे में शुक्रवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई। मस्जिद के पास खेत में मिट्टी पटवाने का काम चल रहा था, जहां एक मुस्लिम किसान ने जेसीबी बुलवाई थी। काम के दौरान जेसीबी चला रहे ड्राइवर ने ग़लत मोड़ ले लिया, जिसके कारण मशीन सीधे मस्जिद की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मस्जिद की मीनार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। गनीमत रही कि घटना के वक्त मीनार के आसपास कोई मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
मामले की सूचना मिलते ही पूराकलंदर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और पूरे क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की। जांच में सामने आया कि जेसीबी ड्राइवर ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है। स्थानीय लोगों और धार्मिक नेताओं की मौजूदगी में यह भी तय हुआ कि मीनार का पुनर्निर्माण कराया जाएगा, ताकि विवाद की कोई गुंजाइश न रहे।
फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से संवाद कर माहौल शांत बनाए रखने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।






