अव्यवस्था पर ममता बनर्जी ने मांगी माफी, कुप्रबंधन की जांच को सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित

0
58

कोलकाता। सॉल्ट लेक स्थित युवाभारती स्टेडियम में फुटबॉल सुपरस्टार लियोनल मेसी के कार्यक्रम के दौरान मची अफरा-तफरी और तोड़फोड़ की घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा दुख जताया है। मेसी के कार्यक्रम से तय समय से पहले रवाना होने के बाद नाराज फैंस के हंगामे से स्टेडियम में अव्यवस्था फैल गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए मुख्यमंत्री ने न सिर्फ खेल प्रेमियों से माफी मांगी, बल्कि कुप्रबंधन की जांच के लिए एक उच्चस्तरीय जांच समिति गठित करने का एलान भी किया है।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने बयान में कहा कि वह स्वयं भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए स्टेडियम जा रही थीं, जहां हजारों की संख्या में फुटबॉल प्रेमी और लियोनल मेसी के प्रशंसक अपने पसंदीदा खिलाड़ी की एक झलक पाने के लिए जुटे थे। भारी कीमत पर टिकट खरीदकर पहुंचे दर्शकों को जब उम्मीद के मुताबिक मेसी को देखने का मौका नहीं मिला और वह लैप ऑफ ऑनर के बाद अचानक स्टेडियम से निकल गए, तो दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद स्टेडियम में कुर्सियां और बोतलें फेंकी गईं, जिससे हालात बेकाबू हो गए।

ममता बनर्जी ने इस घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्रशंसकों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने लियोनल मेसी और सभी खेल प्रेमियों से इस अव्यवस्था के लिए माफी मांगी और स्वीकार किया कि आयोजन में गंभीर स्तर पर कुप्रबंधन देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान और जवाबदेही तय की जाएगी।

इस मामले की जांच के लिए गठित समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अशिम कुमार रे करेंगे। समिति में राज्य के मुख्य सचिव और गृह एवं पहाड़ी मामलों के अतिरिक्त मुख्य सचिव को सदस्य बनाया गया है। यह समिति पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपेगी, जिसमें सुरक्षा, आयोजन व्यवस्था और प्रशासनिक चूक की पड़ताल के साथ-साथ भविष्य के लिए ठोस सुझाव भी शामिल होंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here