पटनाl पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत जसीडीह–झाझा रेलखंड पर सिमुलतला–टलवा बाजार हाल्ट के पास बडुआ नदी पुल के समीप मालगाड़ी के बेपटरी होने से रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। इस हादसे का सबसे ज्यादा असर हावड़ा–दिल्ली मुख्य रेलखंड पर देखने को मिल रहा है। घटना के बाद पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों का परिचालन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
रेल प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, दानापुर मंडल की कुल 11 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 12 से अधिक ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन कर परिचालन कराया जा रहा है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है, वहीं कुछ ट्रेनों का परिचालन उनके निर्धारित प्रारंभिक स्टेशन के बजाय अन्य स्टेशनों से शॉर्ट ओरिजिनेट किया गया है।
हादसे के कारण कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। इसमें काठगोदाम–हावड़ा एक्सप्रेस, रक्सौल–हावड़ा एक्सप्रेस, गोरखपुर–आसनसोल एक्सप्रेस, पटना जंक्शन–हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस, बक्सर–टाटानगर एक्सप्रेस सहित कई प्रमुख ट्रेनें शामिल हैं। नई दिल्ली–हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस, अमृतसर–हावड़ा एक्सप्रेस और प्रयागराज रामबाग–हावड़ा एक्सप्रेस जैसी अहम ट्रेनों को भी किऊल–जमालपुर–भागलपुर–साहिबगंज–रामपुरहाट–बर्द्धमान जैसे वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है।
इसके साथ ही पटना जंक्शन–जसीडीह एक्सप्रेस, पटना जंक्शन–देवघर पैसेंजर और बैद्यनाथधाम–झाझा पैसेंजर को क्रमशः झाझा और जसीडीह स्टेशन पर ही समाप्त कर दिया गया है। वहीं देवघर–पटना जंक्शन, झाझा–बैद्यनाथधाम और जसीडीह–पटना जंक्शन एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों का परिचालन बदले हुए स्टेशनों से शुरू किया गया है।
मोकामा–जसीडीह, जसीडीह–झाझा, जसीडीह–किऊल, किऊल–जसीडीह, देवघर–जसीडीह सहित कई पैसेंजर ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। रेल प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। वहीं, दुर्घटनास्थल पर राहत एवं बहाली कार्य युद्धस्तर पर जारी है, ताकि जल्द से जल्द रेल यातायात को सामान्य किया जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here