फर्रुखाबाद। जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाते हुए चारों क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के कार्यक्षेत्र में बदलाव कर दिया है। इस फैसले से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, पुलिस लाइन में तैनात सीओ अमरपाल को अब अमृतपुर क्षेत्र का क्षेत्राधिकारी बनाया गया है। वहीं अमृतपुर में तैनात सीओ संजय वर्मा को हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इसके अलावा यातायात क्षेत्राधिकारी अभय वर्मा को नगर क्षेत्राधिकारी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि नगर क्षेत्राधिकारी ऐश्वर्या उपाध्याय को उनके पद से हटाकर अब सीओ यातायात बनाया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, हाल के दिनों में जनपद में बढ़ती घटनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद यह बड़ा फेरबदल किया गया है। एसपी का उद्देश्य पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय, जवाबदेह और प्रभावी बनाना है।
बताया जा रहा है कि सभी नए तैनात अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करें, कानून व्यवस्था को चुस्त रखें और आम जनता को बेहतर सुरक्षा का अहसास कराएं।
इस प्रशासनिक बदलाव के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई तैनाती के साथ पुलिस व्यवस्था में कितना सुधार आता है और अपराध नियंत्रण पर इसका क्या असर पड़ता है।
पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल, एसपी आरती सिंह ने चारों सीओ बदले


