लखनऊ। राजधानी लखनऊ में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में कई अहम जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इसी क्रम में डीसीपी ट्रैफिक कमलेश दीक्षित को उनके पद से हटा दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार अब आईपीएस अधिकारी रवीना त्यागी को लखनऊ की डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रवीना त्यागी अब राजधानी में यातायात व्यवस्था की पूरी कमान संभालेंगी और शहर में ट्रैफिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कार्य करेंगी। राजधानी लखनऊ में लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव और ट्रैफिक जाम की समस्या को देखते हुए यह जिम्मेदारी काफी अहम मानी जा रही है।
वहीं पुलिस विभाग में किए गए इस प्रशासनिक बदलाव के तहत अनिल कुमार यादव को डीसीपी अपराध बनाया गया है। अब वे राजधानी में अपराध नियंत्रण, अपराधियों की धरपकड़ और कानून व्यवस्था को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
सूत्रों के अनुसार राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और अपराध नियंत्रण को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है। हाल के दिनों में शहर में ट्रैफिक जाम, यातायात नियमों के उल्लंघन और सड़क दुर्घटनाओं की घटनाओं को देखते हुए पुलिस मुख्यालय ने व्यवस्था में सुधार के लिए नए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि नए अधिकारियों की तैनाती से राजधानी में ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। वहीं आम जनता को भी बेहतर यातायात व्यवस्था और सुरक्षा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद रवीना त्यागी और अनिल कुमार यादव के सामने राजधानी में ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाना, जाम की समस्या कम करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखना बड़ी चुनौती होगी।


