बांदा। जनपद में आयकर विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कई कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। जानकारी के अनुसार आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर आयकर विभाग की टीम ने दबिश दी, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के मुताबिक यह कार्रवाई खनन कारोबार और बिजली ठेके से जुड़े कारोबारियों के खिलाफ की जा रही है। आयकर विभाग की टीम ने प्रमुख रूप से कारोबारी सीरजध्वज सिंह, हिम्मत सिंह, शिवशरण सिंह, युवराज सिंह और दिलीप सिंह के ठिकानों पर छापेमारी की है। इसके अलावा अवनी परिधि क्षेत्र के एक गुप्ता नाम के कारोबारी के यहां भी जांच की कार्रवाई चल रही है।
बताया जा रहा है कि आयकर विभाग की टीम सुबह से ही संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच और पूछताछ कर रही है। टीम द्वारा वित्तीय रिकॉर्ड, लेनदेन से जुड़े दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण कागजात खंगाले जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई टैक्स चोरी और काले धन से जुड़े मामलों को लेकर की जा रही है। हालांकि आयकर विभाग की ओर से अभी तक इस छापेमारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
आयकर विभाग की इस कार्रवाई से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की विस्तृत जानकारी सामने आएगी।


