फर्जी सरिया चोरी केस में बड़ा भंडाफोड़: इंस्पेक्टर और चार दरोगा पर एफआईआर

0
31

एंटी करप्शन जांच में सच आया सामने, पांच साल बाद बेगुनाहों पर थोपे गए झूठे मामले का खुलासा
लखनऊ। बंथरा थाने में तैनात रहे एक इंस्पेक्टर और चार दरोगाओं के खिलाफ बुधवार को पीजीआई थाने में झूठे साक्ष्य गढ़ने, साजिश रचने और गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पांच साल पहले इन पुलिसकर्मियों ने एक लोहा कारोबारी समेत चार निर्दोष लोगों को सरिया चोरी के फर्जी केस में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
एंटी करप्शन में तैनात इंस्पेक्टर नुरुल हुदा खान की तहरीर के आधार पर दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि 31 दिसंबर 2020 को बंथरा कस्बा निवासी लोहा व्यापारी विकास गुप्ता और अंबेडकरनगर शिवपुरा के निवासी डाला चालक दर्शन जाटव को पकड़कर दरोगा संतोष कुमार सिंह की रिपोर्ट पर 18 पीस सरिया चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया था। दोनों को उसी दिन कोर्ट में पेशकर जेल भेजा गया था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों के जबरन बनवाए गए बयान के आधार पर बंथरा के पहाड़पुर निवासी पूर्व बीडीसी सदस्य रंजना सिंह के पति लालता सिंह, उनके बेटे कौशलेंद्र सिंह, सतीश सिंह और शेखपुर निवासी कल्लू गुप्ता को भी केस में फंसाया गया। 2022 में लालता और कल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया, जबकि उनके खिलाफ भी कोई ठोस साक्ष्य मौजूद नहीं थे।
रंजना सिंह ने इस फर्जी मुकदमे की शिकायत डीजीपी से लेकर शासन तक की थी। शासन स्तर पर हुई संज्ञान कार्रवाई के बाद जांच एंटी करप्शन को सौंपी गई। जांच में स्पष्ट हो गया कि सरिया चोरी का पूरा मामला मनगढ़ंत था और पुलिसकर्मियों ने किसी की मिलीभगत से बेगुनाह लोगों पर झूठा केस दर्ज किया था। साक्ष्यों के आधार पर तीन दिसंबर को तत्कालीन इंस्पेक्टर क्राइम प्रह्लाद सिंह समेत चार दरोगा—संतोष कुमार, राजेश कुमार, दिनेश कुमार और आलोक कुमार सिंह—के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

वर्तमान में आरोपी दरोगा आलोक कुमार सिंह लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात है, जिसके खिलाफ निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। अन्य आरोपी बहराइच जिले में तैनात हैं। पीजीआई पुलिस उनकी रिपोर्ट बहराइच एसपी को भेजेगी, जिसके आधार पर निलंबन और अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी साउथ निपुण अग्रवाल ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here