औरैया। जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रशासन ने मंगलवार तड़के सख्त कार्रवाई करते हुए मौरंग माफियाओं में हड़कंप मचा दिया। एडीएम और एएसपी के नेतृत्व में पुलिस बल ने सदर कोतवाली क्षेत्र के यमुना रोड स्थित मौरंग मंडी में औचक छापेमारी की। अचानक हुई कार्रवाई से मंडी में अफरातफरी मच गई और कई डंपर चालक अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे, जब मौरंग मंडी में गतिविधियां सामान्य रूप से चल रही थीं और अधिकांश लोग नींद में थे, तभी प्रशासनिक अधिकारियों का काफिला भारी पुलिस बल के साथ यमुना रोड पहुंच गया। मंडी की घेराबंदी कर सभी डंपरों को रोक लिया गया और एक-एक कर उनके कागजातों की गहन जांच शुरू की गई। अचानक हुई कार्रवाई से मौरंग कारोबारियों और चालकों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
जांच के दौरान कई डंपरों के पास वैध रॉयल्टी नहीं पाई गई, जबकि कई वाहन तय मानकों से अधिक मौरंग लदे हुए थे। प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कई डंपरों को मौके पर ही सीज कर दिया। वहीं, कार्रवाई के डर से कुछ चालक वाहन खड़े कर फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही एआरटीओ विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सीज किए गए वाहनों की जांच प्रक्रिया में जुट गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी इस तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से मौरंग मंडी में अवैध कारोबार करने वालों में खलबली मची हुई है, वहीं आम लोगों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि इससे सड़क सुरक्षा और सरकारी राजस्व की हानि पर अंकुश लगेगा।


