23 C
Lucknow
Saturday, April 4, 2026

गैंगस्टर एक्ट में बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की संपत्ति कुर्क

Must read

फर्रुखाबाद।
जनपद में अपराधियों के खिलाफ प्रशासन का सख्त रुख लगातार देखने को मिल रहा है। गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग से जुड़े आरोपियों की करोड़ों की संपत्तियों को कुर्क कर दिया, जिससे अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, नगर से सटे गांव गढ़ी इज्जत खां निवासी कुख्यात गैंगस्टर जुबैर खान और उसकी मां रुखसाना की करीब 26 करोड़ रुपये की संपत्तियों को पहले ही कुर्क किया जा चुका है। इसके बाद 26 फरवरी को पुलिस-प्रशासन ने गैंग के सक्रिय सदस्य रूटोल निवासी सुखबीर यादव की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों पर भी कुर्की की बड़ी कार्रवाई की थी। इस कार्रवाई में उसका आलीशान मकान, कृषि भूमि और आठ वाहन शामिल थे।
बताया जा रहा है कि इस गैंग में रामनरेश, पुष्पेंद्र, आदेश, मोबीन, तारीख उर्फ तालिब और पवन जैसे सदस्य भी शामिल हैं। इनमें से जुबैर और मोबीन न्यायालय में आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि सुखबीर यादव को पहले ही मेरापुर पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अन्य आरोपितों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए न्यायालय से स्थगन आदेश ले रखा है, जबकि रामनरेश अभी भी फरार बताया जा रहा है।
इसी क्रम में शनिवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी के आदेश पर प्रशासन ने एक और बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। नायब तहसीलदार हर्षित, कायमगंज प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी, मेरापुर इंस्पेक्टर व विवेचक राजीव पाण्डेय, कस्बा चौकी इंचार्ज अंकुर भाटी सहित भारी पुलिस बल और राजस्व टीम आरोपी तारीख उर्फ तालिब के गांव किला मऊरशीदाबाद पहुंची।
प्रशासनिक टीम ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुनादी कराते हुए कुर्की की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके बाद आरोपी के मकान पर विधिवत कार्रवाई अंकित की गई और संपत्ति को सील कर दिया गया। इस दौरान गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण दूर खड़े होकर इस कार्रवाई को देखते रहे।
मेरापुर इंस्पेक्टर ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की करीब 61 लाख रुपये कीमत का भवन और 43 लाख 74 हजार 106 रुपये मूल्य के वाहनों को कुर्क किया गया है। कुल मिलाकर यह कार्रवाई प्रशासन की अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article