बदायूं। जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल हुई है। 21 और 22 मार्च को चलाए गए इस अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 98 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया, जिनमें 92 वारंटी और 6 वांछित आरोपी शामिल हैं।
पुलिस ने यह कार्रवाई न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर की। जिले के सभी 22 थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया।
अभियान के तहत फरार चल रहे वारंटियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से फरार अभियुक्तों को पकड़ने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया था, जो पूरी तरह सफल रहा।
गिरफ्तार किए गए सभी अभियुक्तों को विधिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाया जा सके।
इस कार्रवाई से जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आम जनता में भरोसा बढ़ा है, वहीं अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया।


